मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन

मेडिकल कॉलेज सोनभद्र के ब्लॉक एल-2 में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में एल-2 ब्लॉक के प्रभारी डॉ. अवनीश शाह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद डॉ. अवनीश शाह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने एवं उन्हें पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लेने का दिन है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ और जागरूक होगा। सोनभद्र जैसे दूरस्थ जनपद में अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एल-2 स्तर पर प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर, प्रभावी और सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम निरंतर प्रयासरत है।

डॉ. शाह ने चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि टीम भावना से ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।

उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से पारदर्शिता, संवेदनशीलता और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त सोनभद्र के निर्माण का संकल्प लिया।




