Last Updated:
लखनऊ पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो अवैध तरीके से रह रहा था. पुलिस की जांच में सामने आया कि उसे पब्जी खेलते हुए लखनऊ की फरहीन नाम की लड़की से प्यार हो गया. फिर उससे मिलने के लिए दुबई के रास्ते लखनऊ आया और यहीं शादी कर ली. इसके बाद वीजा खत्म होने पर पड़ोस के जनसेवा केंद्र से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए.
लखनऊ पुलिस ने अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया.
लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने अवैध तरीके से रह रहे एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार कर लिया. युवक लखनी की ही रहने वाली लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाकर रह रहा था. बाजार खाला पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी सज्जाद हुसैन को गिरफ्तार किया है. सज्जाद मूल रूप से बांग्लादेश के चटगांव का रहने वाला है. उसका फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार करने वाले मोहम्मद तल्हा को भी पुलिस ने अरेस्ट किया है. सज्जाद लखनऊ के बाजार खाला के भदेवा मोहल्ले में अवैध रूप से रह रहा था.
मोहम्मद तल्हा से सज्जाद ने बनवाए फर्जी दस्तावेज
आरोपी सज्जाद भदेवा के नसीरूल्लाह अपार्टमेंट में रह रहा था. आरोपी से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, भारतीय पैन कार्ड, वोटर आईडी ,आधार कार्ड और दो मोबाइल बरामद किया गया है. पुलिस की जांच में सामने आया कि सज्जाद का वीजा समाप्त हो चुका था. सज्जाद ने पड़ोस में रहने वाले जन सेवा केंद्र के संचालक मोहम्मद तल्हा से जाली दस्तावेज बनवाए थे. साल 2018 में ऑनलाइन पब्जी गेम खेलने के दौरान लखनऊ की फरहीन नाज़ से सज्जाद की दोस्ती हुई थी. सज्जाद जूही इब्राहिम नाम की आईडी से ऑनलाइन गेम खेलता था.
दुबई से आया लखनऊ और फरहीन से कर ली शादी
फरहीन और सज्जाद अक्सर बात करने लगे और दोनों में प्रेम हो गया. फरहीन से मिलने के लिए सज्जाद 18 अगस्त 2023 को पहली बार सऊदी अरब के रास्ते लखनऊ आया था. फरहीन ने उसे अपनी बहन के घर ठहराया था. 28 अगस्त 2023 को दोनों ने अयोध्या जाकर कोर्ट मैरिज कर ली. इसके बाद सज्जाद लखनऊ में ही पत्नी के साथ रहने लगा. लखनऊ में रहने के लिए आरोपी को फर्जी भारतीय दस्तावेजों की जरूरत महसूस हुई. उसने पड़ोसी मोहम्मद तल्हा की मां के खाते में 900 रुपए ऑनलाइन भेजे और दो हज़ार रुपए नगद देकर फर्जी निवास और जन्म प्रमाण पत्र बनवाए थे.
फर्जी दस्तावेजों से बैंक में खाते तक खुलवाए
इनके जरिए अन्य दस्तावेज भी तैयार हो गए. इन दस्तावेजों की मदद से नाका में कोटक महिंद्रा बैंक में खाता भी खुलवा लिया था. सज्जाद का निवास प्रमाण पत्र 10 अगस्त 2023 को बनवाया गया जबकि वो पहली बार 18 अगस्त 2023 को भारत आया था. फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल लोगों की तलाश में जुटी पुलिस. पुलिस ने तल्हा के जनसेवा केंद्र से दस्तावेज ,कंप्यूटर,सीपीयू बरामद किए.
About the Author

Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
और पढ़ें

