संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
— खराब ट्रक में पीछे से घुसी थी बाइक, गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर में चल रहा था इलाज; पड़री गांव में पसरा मातम

बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर आश्रम मोड़ के पास बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने शनिवार को वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पड़री गांव के बराइडाड़ टोला में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, पड़री ग्राम पंचायत के बराइडाड़ टोला निवासी 29 वर्षीय कृष्ण गोपाल यादव पुत्र अशोक यादव बुधवार शाम बाइक से जा रहे थे। आश्रम मोड़ के पास सड़क किनारे एक खराब ट्रक खड़ा था। इसी दौरान बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में कृष्ण गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर ले गए।

ट्रामा सेंटर में कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था। शनिवार को उपचार के दौरान कृष्ण गोपाल की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत से पड़री गांव और बराइडाड़ टोला में भी मातम का माहौल है।
