Last Updated:
Ballia News: बलिया में तीन दिनों तक प्रकृति का भयंकर प्रकोप देखने को मिला. यहां चली तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने किसानों की केले की फसलें पूरी तरह बर्बाद कर दी, जिससे किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है.
बलिया: जनपद बलिया में तीन दिनों तक चली तेज आंधी और मूसलाधार बारिश (अर्नब) ने किसानों की कमर तोड़ दी है. केले और धान की फसलें पूरी तरह से प्रभावित हुई हैं. किसानों का कहना है कि उन्होंने ऐसा नुकसान पहले कभी नहीं देखा है. जानकारी के मुताबिक, जिले में भारी मात्रा केले की खेती खेत में ही गिर गई है. लोकल 18 की टीम ने जब ग्राउंड रिपोर्ट की, तो किसानों की दर्द भरी कहानी सामने आई. तेज हवाओं के कारण केले के पूरे पौधे टूटकर गिर गए. जिन पौधों में फल आ चुके थे और कटाई का इंतजार था, वे भी बर्बाद हो गए, जिससे किसानों का मुनाफा मिट्टी में मिल गया.
ज्ञानचंद शर्मा को भारी नुकसान
जनपद बलिया के बेल्थरा रोड के सियर ब्लॉक अंतर्गत पडरी गांव निवासी प्रगतिशील किसान ज्ञानचंद शर्मा की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है. उन्होंने लगभग 3500 केले के पौधे लगाए थे, जो पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं. ज्ञानचंद शर्मा ने बताया कि उन्होंने इन पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह की थी. फसल तैयार होने वाली थी और छठ जैसे बड़े पर्व आने वाले थे, जिससे उन्हें अच्छे दाम मिलने की उम्मीद थी. लेकिन इससे पहले ही बलिया जनपद में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने फसल को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया.
लाखों का घाटा
ज्ञानचंद शर्मा ने बताया कि एक पौधे से अनुमानित कमाई 350 रुपये थी. इस हिसाब से 3500 पौधों से उन्हें 12 लाख 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. किसान का दावा है कि कम से कम 7.5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ उनकी जेब में आ गया होता. अब बच्चों की पढ़ाई और दो वक्त की रोटी पर संकट आ गया है. उन्होंने कहा कि फसल लगभग 90% तैयार थी, जैसे भोजन की थाली सामने हो और अचानक कोई उसे छीन ले.
शासन-प्रशासन से गुहार
ज्ञानचंद शर्मा ने शासन और प्रशासन से कम से कम लागत पर विचार करने की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि केवल उनका ही नहीं, बल्कि जिले के तमाम किसानों का नुकसान हुआ है, जिनकी लागत पर विचार करना अत्यंत आवश्यक है. हालांकि, इस पर जिम्मेदारों से बातचीत करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने सर्वे के बाद जानकारी देने की बात कही है.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें

