• Privacy Policy
Sonebhadra Live
  • Home
  • सोनभद्र
  • सिंगरौली
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • राष्ट्रीय
  • वायरल वीडियो
No Result
View All Result
  • Home
  • सोनभद्र
  • सिंगरौली
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • राष्ट्रीय
  • वायरल वीडियो
No Result
View All Result
Sonebhadra Live
No Result
View All Result

UP Top News: सीएम योगी ने LDA की दो बड़ी आवासीय योजनाओं का किया शुभारंभ, इटावा में रिश्वत लेते सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

Admin by Admin
September 24, 2026
in उत्तर प्रदेश
0
UP Top News: सीएम योगी ने LDA की दो बड़ी आवासीय योजनाओं का किया शुभारंभ, इटावा में रिश्वत लेते सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 गिरफ्तार


12 हजार करोड़ की LDA की दो बड़ी आवासीय योजनाओं का शुभारंभ

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोना ग्राम पहुंचकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजना का शुभारंभ किया. सीएम योगी ने वरुण विहार में पौधरोपण के साथ दोनों योजनाओं का भूमि पूजन किया. करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 10,680 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इन दोनों योजनाओं के भूखंडों के रजिस्ट्रेशन की शुरुआत भी होगी. इसके अलावा सीएम योगी 2,166 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 5 बहुमंजिला अपार्टमेंट परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.

बस अग्निकांड, कूदकर यात्रियों ने बचाई जान; महोबा के 15 यात्री सुरक्षित घर पहुंचे

जेवर टोल के पास महोबा रोडवेज की बस में हुए अग्निकांड के दौरान यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई. हादसे के बाद गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 15 यात्रियों को सुरक्षित महोबा पहुंचाने की व्यवस्था की. बताया जा रहा है कि बस में एक ही परिवार की महिला समेत पांच लोग सवार थे. इसके अलावा करीब 10 जिलों के अलग-अलग गांवों के ग्रामीण भी बस में मौजूद थे. हादसे के बाद सुरक्षित बचे यात्रियों ने गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन की मदद की जमकर सराहना की.

शास्त्रीनगर मार्केट के प्रभावित व्यापारियों को मिलेगी राहत, 116 दुकानें बनाने की तैयारी

मेरठ: शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण से प्रभावित व्यापारियों और परिवारों के पुनर्वास की कवायद तेज हो गई है. सांसद अरुण गोविल और राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर समेत जनप्रतिनिधियों की टीम ने रंगोली मंडप के पास जमीन का निरीक्षण किया. टीम ने सामुदायिक केंद्र और गोल मंदिर क्षेत्र की खाली जमीन भी देखी. रंगोली मंडप के पास करीब 116 दुकानें बनाने की योजना है. प्रस्ताव के तहत लगभग 650 प्रभावित व्यापारियों को नाममात्र के किराए पर लीज पर दुकानें उपलब्ध कराने की तैयारी है. अगले छह महीने में आवंटन प्रक्रिया पूरी कर व्यापारियों को पजेशन लेटर देने की योजना है.

₹30 हजार की रिश्वत लेते सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

इटावा: डीएम कार्यालय के पास स्थित जिला पूर्ति कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की. टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पूर्ति निरीक्षक योगेश वर्मा और दो कोटेदार धर्म नारायण व पुष्पेंद्र कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई शिकायतकर्ता ओम शरण की शिकायत पर की गई. गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को सिविल लाइन थाने लाया गया. पुलिस की लिखापढ़ी के बाद आरोपियों को कानपुर ले जाने की तैयारी है. कार्रवाई के बाद जिला पूर्ति कार्यालय में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी अपनी सीटें छोड़कर चले गए.

सपा में नेता प्रतिपक्ष बदले जाने पर संजय निषाद का पलटवार, बोले- ‘मल्लाह के बेटे को क्यों नहीं बनाया?’
विधान परिषद में सपा के नेता प्रतिपक्ष बदले जाने को लेकर मंत्री संजय निषाद ने सपा पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि विधान परिषद में कई सदस्य होने के बावजूद मल्लाह समाज के किसी व्यक्ति को नेता क्यों नहीं बनाया गया. संजय निषाद ने आरोप लगाया कि मल्लाह समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उसे सम्मान नहीं दिया जा रहा. उन्होंने कहा कि सपा अल्पसंख्यकों का सिर्फ तुष्टिकरण के लिए इस्तेमाल करती है. संजय निषाद ने सपा के PDA दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि असली पीड़ित और अपमानित लोग आज NDA के साथ हैं. उन्होंने सपा पर निषाद समाज की आवाज को नजरअंदाज करने और एक वर्ग को ही राजनीतिक लाभ देने का भी आरोप लगाया.

उन्नाव में गणेश विसर्जन और गौसिया जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, बदली गई टाइमिंग
उन्नाव: गणेश विसर्जन और गौसिया जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. दोनों आयोजन एक ही दिन प्रस्तावित होने के चलते डीएम घनश्याम मीना और एसपी जेपी सिंह ने अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च किया. डीएम-एसपी ने आयोजनकर्ताओं से बातचीत कर दोनों कार्यक्रमों की टाइमिंग में बदलाव पर सहमति बनाई. इसके साथ ही गणेश पंडालों में बिजली व्यवस्था की जांच की जा रही है. गौसिया जुलूस को लेकर रूट मैपिंग पूरी कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया है. प्रशासन ने आयोजकों से शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन कराने की अपील की है.

भाजपा ने फिर धर्मपाल सिंह को सौंपी यूपी संगठन की कमान

बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने धर्मपाल सिंह को एक बार फिर उत्तर प्रदेश का प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया है. संगठन में उनके कामकाज और बेहतर समन्वय को देखते हुए उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी दी गई है. धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में यूपी बीजेपी ने कई केंद्रीय अभियानों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को नंबर वन बनाया. पार्टी नेतृत्व ने उनकी संगठन क्षमता को देखते हुए एक बार फिर भरोसा जताया है.

औरैया: शराब के नशे में पत्नी को गोद में उठाकर छत से कूदा पति, दोनों गंभीर
औरैया के कोतवाली क्षेत्र के रहमापुर गांव में ससुराल में कहासुनी के बाद एक युवक ने कथित तौर पर शराब के नशे में पत्नी को गोद में उठाकर छत से छलांग लगा दी. बताया जा रहा है कि पूजा घर की छत पर अपनी भाभी के साथ बैठी थी. इसी दौरान दीपू ने उसे गोद में उठाया और छत से नीचे कूद गया. हादसे में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.

वाराणसी: कचहरी चौराहे पर रेस्टोरेंट पर VDA की बुलडोजर कार्रवाई, पुलिस फोर्स तैनात
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित कचहरी चौराहे पर गुरुवार को VDA ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की. यहां जायका रेस्टोरेंट के निर्माण को अवैध बताते हुए पहले नोटिस दिया गया था. VDA के मुताबिक नोटिस के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद कार्रवाई की गई. बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही. कचहरी से संदहा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत यह कार्रवाई की जा रही है.

एटा: किराना दुकानदार और परिजनों से मारपीट का पुलिसकर्मियों पर आरोप, वीडियो वायरल
एटा के अलीगंज कस्बे में किराना दुकानदार और उसके परिजनों से मारपीट का पुलिसकर्मियों पर आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि सामान के पैसे मांगने को लेकर एक सिपाही से दुकानदार का विवाद हुआ. आरोप है कि सिपाही ने दुकानदार, उसकी पत्नी और बहन से अभद्रता और मारपीट की. विवाद के बाद सिपाही के बुलाने पर कई अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और डंडों से मारपीट करने का आरोप है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसकी न्यूज18 स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता. पीड़ित पक्ष ने चोट लगने का दावा करते हुए पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. एसएसपी इलामारन जी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है.

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रोडरेज, सड़क पर शराब पी रहे युवकों को गाड़ी हटाने के लिए कहना पड़ा भारी
गाजियाबाद के पॉश इलाके इंदिरापुरम में मॉल के बाहर रोडरेज का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि कुछ युवक बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे. एक युवक ने उनसे गाड़ी हटाने के लिए कहा तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि युवकों ने युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. घटना थाना इंदिरापुरम क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

संभल में अल्लाह वाले बताकर महिला से ठगे 75 हजार के सोने के कुंडल
संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गरबारा गांव में ठगों ने एक महिला से 75 हजार रुपये कीमत के सोने के कुंडल ठग लिए. बताया जा रहा है कि ठगों ने खुद को अल्लाह वाला बताकर महिला को भरोसा दिलाया कि वे उसकी परेशानी दूर कर सकते हैं और सब कुछ ठीक हो जाएगा. झांसे में आने के बाद महिला ने अपने सोने के कुंडल उन्हें दे दिए. कुंडल लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है.

हमीरपुर में KCC लोन न कराने पर बेटे ने 85 वर्षीय पिता की धारदार हथियार से हत्या की
हमीरपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के पाराओझी गांव में 85 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. आरोप है कि KCC लोन न कराने को लेकर बेटा पिता से नाराज था. इसी बात को लेकर गुस्से में उसने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई. वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया. फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

बरेली में गंभीर अपराधों में शामिल 21 अपराधियों की खोली गई B क्लास हिस्ट्रीशीट
बरेली में गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर 21 अपराधियों की B क्लास हिस्ट्रीशीट खोली गई है. यह कार्रवाई आंवला, भमोरा, शीशगढ़, फरीदपुर, शाही, देवरनियां, शेरगढ़, बहेड़ी, नवाबगंज, किला और अलीगंज समेत कई थाना क्षेत्रों में की गई. पुलिस ने सभी हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं. लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. नए अपराध में शामिल होने पर हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

हरदोई में पिहानी के ‘डॉक्टर ढाबा’ पर बदमाशों का धावा, दो कर्मचारियों पर धारदार हथियार से हमला
हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने ‘डॉक्टर ढाबा’ पर धावा बोल दिया. आरोप है कि बदमाशों ने ढाबे के गल्ले से करीब 10 हजार रुपये लूट लिए. विरोध करने पर दो ढाबा कर्मचारियों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना महमूदपुर सर्रया क्षेत्र की बताई जा रही है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

अमरोहा में चौकी में हेड कांस्टेबल की व्यक्ति से हाथापाई का वीडियो वायरल
अमरोहा शहर की वासुदेव चौकी के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वीडियो में चौकी में तैनात एक हेड कांस्टेबल एक व्यक्ति से हाथापाई करता नजर आ रहा है. वीडियो में हेड कांस्टेबल कथित तौर पर नशे की हालत में दिखाई दे रहा है और हाथापाई के दौरान दो बार लड़खड़ाकर जमीन पर गिरता है. इस दौरान चौकी के अंदर एक महिला समेत तीन-चार लोग भी बैठे दिखाई दे रहे हैं. वायरल वीडियो की न्यूज18 स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता. मामले में पुलिस स्तर से जांच की जा रही है.

कौशांबी में पत्नी से झगड़े के बाद गंगा में कूदा युवक, मछुआरों ने बचाया
कौशांबी में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की. बताया जा रहा है कि भरवारी निवासी अंकित कुशवाहा ने फेसबुक लाइव आकर सुसाइड नोट दिखाया और ससुराल वालों से प्रताड़ित होने की बात कही. इसके बाद उसने संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव के पास गंगा में छलांग लगा दी. युवक के नदी में कूदते ही वहां मौजूद मछुआरों ने उसे बचा लिया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एटा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार शिक्षक को मारी टक्कर, मौत
एटा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई. हादसा पिलुआ थाना क्षेत्र में भदुआ गांव के पास देर रात हुआ. मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो कासगंज के सुमंत इंटर कॉलेज में शिक्षक थे. बताया जा रहा है कि कॉलेज से घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. पुलिस ने गंभीर हालत में उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. शिक्षक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है.

लखनऊ में बुजुर्ग महिला की हत्या
लखनऊ के मोहनलालगंज के पद्मिनखेड़ा में देर रात बुजुर्ग महिला की हत्या. सिर पर भारी वस्तु का वार कर हुई हत्या. ग्रामीणों ने रेप के बाद जताई हत्या की आंशका. अर्धनग्न हालत में घर में मिला शव. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया.

लखनऊ में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप
लखनऊ में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी स्कूल वैन ड्राइवर गिरफ्तार. थाना विकास नगर पुलिस ने आरोपी ड्राईवर राज श्रीवास्तव उर्फ रंजीत को किया गिरफ्तार. पीड़ित 11वीं की छात्रा को बहला फुसला कर दिल्ली के एक होटल में ले गया था आरोपी. 10 सितंबर को वैन से स्कूल के लिए निकली छात्रा हुई थी लापता.
परिवार की शिकायत पर विकास नगर पुलिस ने नाबालिग छात्रा को किया बरामद. पीड़िता के मेडिकल में दुष्कर्म की हुई पुष्टि. परिजनों ने स्कूल वैन ड्राइवर पर रेप, पॉक्सो का मुकदमा दर्ज कराया. आरोपी की वैन से स्कूल आती जाती थी छात्रा.

लखनऊ में जीजा ने साले को मारी गोली
लखनऊ में लेनदेन के विवाद में बहनोई ने साले को मारी गोली. आरोपी निसार ने साले इमरान को मारी गोली.
इमरान के पैर में पंजे से कुछ ऊपर लगी गोली. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी निसार को हिरासत में लिया.
घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने में जुटी पुलिस. देर रात पर थाना क्षेत्र के सलेमपुर पतौरा मोड़ की घटना.

गाजियाबाद: रजवाहे में मोपेड समेत गिरा युवक, डूबने से मौत
गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में तहलेटा-सैदपुर मार्ग पर हदयपुर भंडौला के पास करीब 10 फीट गहरे रजवाहे में मोपेड समेत गिरने से 35 वर्षीय रविंद्र कुमार की मौत हो गई. रविंद्र मंगलवार रात घर से मोपेड लेकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. अगले दिन रजवाहे में मोपेड के साथ उनका शव मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रजवाहे से बाहर निकाला. परिजनों ने मामले में कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है.

हाथरस: महिला एसडीएम से अभद्रता के आरोप में RLD नेता पर FIR
हाथरस के सादाबाद तहसील परिसर में जनसुनवाई के दौरान महिला एसडीएम से अभद्रता के आरोप में जिला पंचायत सदस्य और RLD नेता ईशान चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि जनसुनवाई के दौरान ईशान चौधरी ने महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया. पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्रयागराज: शिव मंदिर से हनुमान जी के चांदी के कुंडल चोरी, आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज में सुलाकी चौराहे के पास स्थित शिव मंदिर से हनुमान जी की प्रतिमा के चांदी के कुंडल चोरी करने के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की पहचान शिवकुटी निवासी नितिन के रूप में की है, जिसे मोती पार्क बहादुरगंज से गिरफ्तार किया गया. आरोपी के पास से चोरी किए गए चांदी के कुंडल और 230 रुपये नकद बरामद हुए हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 18 सितंबर की रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. एसीपी कोतवाली निकिता श्रीवास्तव ने गिरफ्तारी की जानकारी दी है.

प्रयागराज: जिले में डेंगू के तीन नए मरीज मिले, संख्या बढ़कर 42 हुई
प्रयागराज में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. बुधवार को जिले में डेंगू के तीन नए मरीज मिले, जिनमें एक-एक मरीज सलोरी, शिवकुटी और मम्फोर्डगंज में मिला है. इसके साथ ही जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है. पिछले 23 दिनों में डेंगू के 27 नए मरीज सामने आए हैं. मरीजों के इलाज के लिए बेली, काल्विन और एसआरएन अस्पताल में स्पेशल वार्ड बनाए गए हैं. जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आनंद सिंह ने इसकी जानकारी दी है.

प्रयागराज: हाईकोर्ट बार चुनाव में अध्यक्ष पद पर सीपी उपाध्याय 29 वोट से आगे
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महासचिव पद के लिए मतगणना जारी है. बुधवार शाम तक 40 राउंड की मतगणना में 3949 वोटों की गिनती पूरी हो चुकी थी. अध्यक्ष पद पर डॉ. सीपी उपाध्याय और पीसी श्रीवास्तव के बीच मुकाबला चल रहा है, जिसमें डॉ. सीपी उपाध्याय 29 वोट से आगे हैं. वहीं महासचिव पद पर संतोष कुमार मिश्रा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राय साहब यादव से 81 वोट आगे चल रहे हैं. गुरुवार सुबह 10 बजे से मतगणना दोबारा शुरू होगी. अध्यक्ष और महासचिव पद के बाद 30 सदस्यीय कार्यकारिणी के अन्य पदों के लिए मतगणना होगी. पूरी प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी एसएफए नकवी और चुनाव अधिकारियों की निगरानी में कराई जा रही है.

कानपुर: विनीत मीनोचा हत्याकांड में बेटे सुब्रत की गिरफ्तारी से जांच में नया मोड़
कानपुर के विनीत मीनोचा हत्याकांड में पुलिस ने उनके बेटे सुब्रत को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद मामले की जांच में नया मोड़ आया है. रिमांड पर लिए गए सुब्रत, शालू और विशाल से पुलिस ने आमने-सामने पूछताछ की है. पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने भी आरोपियों से पूछताछ की. जांच में सुब्रत के घर का सीसीटीवी 22 जुलाई से बंद मिलने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक विशाल और सुब्रत के बीच 258 कॉल हुई थीं, जबकि नए सिम से भी सुब्रत को पांच कॉल की गई थीं. पुलिस सुब्रत पर 20 लाख रुपये से अधिक के कर्ज के एंगल की भी जांच कर रही है. हत्या की रात आरोपियों की मूवमेंट की टाइमलाइन खंगाली जा रही है. सुब्रत ने हत्या कबूल नहीं की है और पुलिस सीसीटीवी, कॉल रिकॉर्ड तथा आर्थिक दबाव समेत अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जुटा रही है.

अंबेडकरनगर: किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा, एक आरोपी गिरफ्तार
अंबेडकरनगर में 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण, दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण के प्रयास के आरोप का मामला सामने आया है. किशोरी को लखनऊ से बरामद किया गया है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे बाइक पर जबरन बैठाकर सुनसान जगह ले जाया गया और उसके साथ गलत काम किया गया. आरोप है कि किशोरी को करीब आठ दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसका फोन व सिम भी छीन लिया गया. उसे लखनऊ के एक कमरे में रखने और जबरन नकाब पहनाने का भी आरोप है. इंस्टाग्राम के जरिए बहन से संपर्क होने के बाद परिजन लखनऊ पहुंचे और किशोरी को मुक्त कराया. पीड़िता की मां ने अकबरपुर कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. हिंदू संगठन ने अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो और धर्मांतरण से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है.

हमीरपुर: फर्जी GST अधिकारी बनकर ट्रक चालक से 50 हजार मांगे, 11 हजार लूटे
हमीरपुर में फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर मिनी ट्रक चालक से 50 हजार रुपये मांगने और 11 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है. लखनऊ से चरखारी जा रहा पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के किचन का सामान लदे मिनी ट्रक को बेतवा पुल के पास कुछ लोगों ने रोक लिया. आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए चालक से 50 हजार रुपये मांगे और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद कथित अधिकारी ने चालक की जेब से 11 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया. इस दौरान फोन पर चालक की पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत से भी बात कराई गई. आरोपी ने अपना नाम हर्षित यादव बताया है. जीएसटी विभाग की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है. सदर कोतवाली पुलिस ने लूट, धमकी और सरकारी अधिकारी बनकर अधिकार का इस्तेमाल करने समेत गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बस्ती: तीसरी मंजिल से गिरा पेंटर, इलाज के दौरान मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा
बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र में जयपुरिया स्कूल में पेंटिंग का काम कर रहा 30 वर्षीय वेद प्रकाश तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद उसे पहले बहादुरपुर सीएचसी और फिर कैली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक के तीसरी मंजिल से गिरने का मंजर कैद हुआ है. मृतक शहरानपुर गांव का रहने वाला था. परिजनों का आरोप है कि हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ, लेकिन उन्हें शाम करीब 7.30 बजे सूचना दी गई. मृतक के भाई सूर्य नारायण ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना की जांच और कार्रवाई की मांग की है.



Source link

Post Views: 5
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Previous Post

‘सब कुछ खत्म करने का सोच लिया था’, बिग बॉस 20 में छलका मैरी कॉम का दर्द, बोलीं- बच्चों के लिए जी रही हूं

Next Post

चोपन. एफएलएन-एनसीईआरटी आधारित प्रशिक्षण के अंतिम बैच का समापन, 652 शिक्षक-शिक्षामित्र हुए प्रशिक्षित.

Next Post

चोपन. एफएलएन-एनसीईआरटी आधारित प्रशिक्षण के अंतिम बैच का समापन, 652 शिक्षक-शिक्षामित्र हुए प्रशिक्षित.

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  • Privacy Policy

© 2026 JNews - Premium WordPress news & magazine theme by Jegtheme.

error: Content is protected !!
No Result
View All Result
  • Privacy Policy

© 2026 JNews - Premium WordPress news & magazine theme by Jegtheme.