Last Updated:
Money Plant Care Tips: मनी प्लांट की पत्तियों के नीचे छोटे कीड़े, चिपचिपापन या जाले दिखाई दे तो पौधे को ध्यान से जांचे. कीट लगने की स्थिति में प्रभावित पत्तियों को अलग कर दे और पौधे की नियमित सफाई करें. पत्तियों का रंग पीला पड़े तो कुछ खास उपाय कारगर साबित होंगे.
पीली पत्तियां देखकर मनी प्लांट को खराब समझकर फेंकने की जरूरत नहीं है. घर में लगे इस खूबसूरत पौधे की पत्तियां कई बार ज्यादा पानी, कम रोशनी या मिट्टी में नमी की वजह से पीली पड़ने लगती है. अगर समय रहते इसका कारण समझ लिया जाए तो पौधे को दोबारा हरा-भरा बनाया जा सकता है. इसके लिए महंगे सामान की जरूरत नहीं, घर में मौजूद चीजों से भी मनी प्लांट की अच्छी देखभाल की जा सकती है.
रायबरेली जिले के एसबीवीपी इंटर कॉलेज में गार्डनर का काम करने वाले अरविंद कुमार लोकल 18 से बात करते हुए बताते हैं कि मनी प्लांट की पत्तियां पीली पड़ने का सबसे आम कारण जरूरत से ज्यादा पानी देना माना जाता है. कई लोग रोजाना थोड़ा-थोड़ा पानी डालते रहते है, जिससे गमले की मिट्टी हमेशा गीली रहती है. लगातार नमी रहने से जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है और पत्तियां पीली होने लगती है.
देसी तरीका यही है कि पानी देने से पहले उंगली से गमले की ऊपरी मिट्टी को जांच ले. अगर ऊपर की मिट्टी सूखी महसूस हो रही है, तभी पानी दें. गमले में नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मनी प्लांट को बिल्कुल अंधेरे कमरे में रखने से भी इसकी पत्तियां पीली पड़ सकती है. हालांकि इसे तेज सीधी धूप में रखने की जरूरत नहीं होती. पौधे को ऐसी जगह रखें जहां सुबह की हल्की धूप या दिनभर पर्याप्त रोशनी मिलती रहे. अगर पौधा लंबे समय से कमरे के अंदर रखा है और पत्तियां पीली हो रही हैं, तो उसे अचानक तेज धूप में न रखें, धीरे-धीरे रोशनी वाली जगह पर ले जाएं.
अगर किसी पत्ती का ज्यादातर हिस्सा पीला पड़ चुका है तो उसे पौधे पर छोड़ने के बजाय साफ कैंची से काट दे. इससे पौधे की ताकत खराब पत्तियों को संभालने में खर्च नहीं होगी. काटते समय ध्यान रखें कि स्वस्थ नई पत्तियों और तनों को नुकसान न पहुंचे.
मनी प्लांट को ऐसी मिट्टी पसंद होती है जिसमें पानी जमा न रहे. अगर गमले की मिट्टी बहुत ज्यादा चिपचिपी या भारी है तो उसमें पानी लंबे समय तक रुका रह सकता है. ऐसे में मिट्टी को थोड़ा ढीला करें और जल निकासी की व्यवस्था देखें. गमले के नीचे रखी प्लेट में पानी जमा हो तो उसे भी निकाल दें. जड़ों के आसपास लगातार पानी जमा रहना पौधे के लिए नुकसानदायक हो सकता है.
कई बार पत्तियां पीली देखकर लोग तुरंत ज्यादा खाद डाल देते हैं. ऐसा करने से फायदा होने के बजाय पौधे को नुकसान हो सकता है. मनी प्लांट को समय-समय पर हल्की जैविक खाद दी जा सकती है, लेकिन मात्रा बहुत ज्यादा नहीं होनी चाहिए. घर की पुरानी जैविक खाद या अच्छी तरह सड़ी हुई खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है. नई या कच्ची खाद सीधे गमले में डालने से बचे.
मनी प्लांट की पत्तियों के नीचे छोटे कीड़े, चिपचिपापन या जाले दिखाई दे तो पौधे को ध्यान से जांचे. कीट लगने की स्थिति में प्रभावित पत्तियों को अलग कर दे और पौधे की नियमित सफाई करें.

