Last Updated:
Rae Bareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में सदस्यता अभियान को लेकर समाजवादी छात्र सभा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच हुआ विवाद उस वक्त भीषण राजनीतिक और प्रशासनिक टकराव में बदल गया, जब मामला पुलिस और नेताओं के बीच तीखी बहस तक पहुंच गया. कॉलेज गेट पर शुरू हुई धक्का-मुक्की के बाद जब शहर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह और सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव आमने-सामने आए, तो नोकझोंक शुरू हो गई. कोतवाल द्वारा ‘चूड़ी पहनो’ और ‘औकात में रहने’ जैसी बातें कहे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
रायबरेली में सपा नेता और कोतलवाल में जमकर झड़प
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली के प्रसिद्ध फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में छात्र संगठन के सदस्यता अभियान को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक दंगल में बदल हो गया. हालात इतने बेकाबू हो गए कि कॉलेज परिसर से शुरू हुई तनातनी सड़क मार्ग और सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय तक जा पहुंची, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जबर्दस्त धक्का-मुक्की देखने को मिली.
यह पूरा बवाल फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के बाहर उस वक्त शुरू हुआ जब समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर के बाहर ‘PDA’ का बैनर लगाकर छात्र सदस्यता अभियान चला रहे थे. इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया, जो कुछ ही पलों में तीखी बहस, नारेबाजी और हाथापाई में बदल गया. ABVP कार्यकर्ताओं ने समाजवादी कार्यकर्ताओं पर गंभीर अभद्रता के आरोप लगाए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कॉलेज का गेट अंदर से बंद कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया.
कोतवाल और सपा जिलाध्यक्ष के बीच नोकझोंक
माहौल तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने और सपा कार्यकर्ताओं को चौराहे की तरफ हटाने का प्रयास किया. इसी दौरान मौके पर मौजूद सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और कोतवाल शिव शंकर सिंह के बीच तीखी बहस छिड़ गई.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों के बीच मर्यादा और तेवर को लेकर जुबानी जंग चल रही है. बहस के दौरान जब सपा जिलाध्यक्ष ने तल्ख तेवर दिखाए, तो कोतवाल ने दोटूक शब्दों में कहा, “जरा औकात में रहकर बात करना… चूड़ी पहनो और घर पर बैठो.” पुलिस अधिकारी के इन तीखे तेवरों और बयानों वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल में आग की तरह फैल गया, जिससे मामले ने और अधिक तूल पकड़ लिया.
एसपी कार्यालय तक पहुंचा हंगामा
कॉलेज का यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा था. इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी और बछरावां विधायक श्यामसुंदर भारती के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता और नेता सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गए. दूसरी तरफ ABVP के कार्यकर्ता भी अपनी मांगों को लेकर एसपी दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए. दोनों विरोधी पक्षों के आमने-सामने आ जाने से वहां अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की कोशिश की, तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प व धक्का-मुक्की हुई. बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एएसपी आलोक सिंह, सीओ आशीष निगम और सिटी मजिस्ट्रेट ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराकर मामले को शांत करने का प्रयास किया.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
