Last Updated:
UPTET-2026 के रिजल्ट को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से भेजी गई शिकायतों पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने फैसला लिया है. आयोग ने साफ किया है कि OMR शीट में अनुक्रमांक या प्रश्न पुस्तिका नंबर गलत भरने पर रिजल्ट में बदलाव नहीं किया जाएगा.
OMR और नार्मलाईजेशन पर राहत नहीं
लखनऊ: UPTET-2026 के रिजल्ट को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से भेजी गई शिकायतों पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने फैसला लिया है. आयोग ने अलग-अलग तरह की शिकायतों की जांच के लिए छह सदस्यों की समिति बनाई थी. समिति ने सभी शिकायतों की जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट आयोग को सौंपी. इसके बाद आयोग ने शिकायतों की चार श्रेणियां बनाकर उन पर फैसला लिया है.
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि OMR शीट में रोल नंबर या प्रश्न पुस्तिका नंबर गलत भरने से जुड़ी शिकायतों पर राहत नहीं दी जाएगी. परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थियों को OMR भरने का तरीका बताया गया था. प्रवेश पत्र, परीक्षा से जुड़ी जानकारी और कक्षा में दिए गए निर्देशों में भी बताया गया था कि अनुक्रमांक और प्रश्न पुस्तिका नंबर सही भरना जरूरी है.
आयोग ने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी ने OMR में रोल नंबर या प्रश्न पुस्तिका नंबर नहीं भरा या गलत भरा है तो उसकी उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा. यह पूरी प्रक्रिया मशीन के जरिए होती है. इसलिए बाद में इस तरह की गलती के आधार पर रिजल्ट बदलने की मांग स्वीकार नहीं की जाएगी.
नार्मलाईजेशन के अंकों में भी बदलाव नहीं
UPTET-2026 की परीक्षा अलग-अलग दिन या पालियों में हुई थी. ऐसे में पेपर के स्तर में थोड़ा अंतर होने की संभावना को देखते हुए नार्मलाईजेशन की प्रक्रिया अपनाई गई. इसका मकसद अलग-अलग पालियों में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के अंकों की सही तरीके से तुलना करना था.
आयोग के मुताबिक, नार्मलाईजेशन की प्रक्रिया वैज्ञानिक तरीके और सॉफ्टवेयर के जरिए की गई है. इस प्रक्रिया के बाद कुछ अभ्यर्थियों के अंक कम और कुछ के अंक ज्यादा हो सकते हैं. आयोग ने नार्मलाईजेशन से मिले अंकों को बदलने की मांग स्वीकार नहीं की है. इसी तरह उत्तर कुंजी के आधार पर अंकों में बदलाव की मांग भी स्वीकार नहीं की गई है. आयोग ने इन दोनों मामलों में समिति की रिपोर्ट और पहले से तय परीक्षा नियमों के आधार पर फैसला लिया है.
प्रमाण पत्र में गलती है तो मिलेगा मौका
हालांकि, सफल अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने राहत दी है. अगर किसी के प्रमाण पत्र में नाम, पिता या पति का नाम, जन्मतिथि या वर्ग में गलती है तो उसे ठीक कराया जा सकेगा. इसके लिए आयोग के पोर्टल पर जल्द ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की जाएगी. संबंधित अभ्यर्थी तय प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की जांच के बाद सही जानकारी के आधार पर प्रमाण पत्र में बदलाव किया जाएगा. आयोग ने कहा है कि UPTET-2026 के रिजल्ट से जुड़ी सभी शिकायतों की समिति के जरिए जांच कराई गई है. उपलब्ध जानकारी, परीक्षा से पहले दिए गए निर्देशों और तय नियमों के आधार पर ही फैसला लिया गया है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें

