मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सकारात्मक पत्रकारिता समाज में बदलाव की संवाहक : बीके सुमन

सशक्त, समृद्ध और सुसंस्कृत भारत के नवनिर्माण में मीडियाकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिस तरह सीमा पर जवान और खेतों में किसान देश की सुरक्षा व समृद्धि में योगदान देते हैं, उसी तरह सजग मीडियाकर्मी जनता की आवाज बनकर लोकतंत्र को मजबूत करते हैं। ब्रेकिंग न्यूज और नकारात्मक खबरें संवेदनशीलता पैदा करती हैं, लेकिन सकारात्मक समाचार समाज में व्यापक प्रभाव डालकर परिवर्तन के वाहक बनते हैं। यह बातें ब्रह्माकुमारीज संस्था की सेवाकेंद्र की मुख्य संचालिका बीके सुमन दीदी ने मीडिया बंधुओं के सम्मान में आयोजित ‘ईश्वरीय स्नेह मिलन’ कार्यक्रम में कहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ पिता श्री ब्रह्मा बाबा एवं परमपिता परमात्मा शिव बाबा की स्मृति से हुआ। बीके सुमन दीदी ने पत्रकारों का तिलक, अंगवस्त्र और पुष्पों से स्वागत किया। बीके कविता बहन ने आत्मीय स्वागत करते हुए मीडिया को समाज और लोकतंत्र की आवाज बताया। बीके दीपशिखा बहन ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी।

बीके सुमन दीदी ने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ और प्रतिस्पर्धा के कारण तनाव व मानसिक दबाव बढ़ रहा है। राजयोग मेडिटेशन, सकारात्मक चिंतन, आत्म-जागरूकता और परमात्म-स्मृति को जीवन में अपनाकर मन को शांत और तनावमुक्त रखा जा सकता है। कार्यक्रम में सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक मूल्यों और तनावमुक्त जीवन के विषय में जानकारी दी गई।

संचालन कर रहे डॉ. बीके हरीन्द्र भाई ने कहा कि विज्ञान मंगल पर जीवन खोज रहा है, लेकिन जीवन में वास्तविक मंगल अध्यात्म से आएगा। मीडिया शांति, प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस दौरान विभिन्न प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार, छायाकार एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। कई पत्रकारों ने माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारीज मुख्यालय के अपने अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को सात्विक भोजन प्रसाद कराया गया। आयोजन को सफल बनाने में बीके सरोज बहन, सिया बहन, फूलमती बहन, सावित्री माता, अवधेश भाई, गोपाल भाई, मनोज धर दूबे और राजीव भाई का सक्रिय योगदान रहा।
