सहारनपुर जिले में एक शादीशुदा युवक रात को अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा, लेकिन लड़की के घर वालों ने पहले ही युवक को पकड़ लिया और फिर उसे खंभे से बांधकर पीटा गया।
Saharanpur News: यूपी के सहारनपुर में एक शादीशुदा युवक को अपनी प्रेमिका से मिलना भारी पड़ गया। रात के अंधेरे में इश्कबाजी करने पहुंचे प्रेमी का प्लान लड़की के घर वालों ने फेल कर दिया। लड़की के घर वालों ने प्रेमी को पकड़कर उसके ऊपर चढ़ा इश्क का ‘भूत’ उतार दिया। गुस्साए घर वालों ने युवक को खंभे से रस्सी के सहारे बांधकर उल्टा लटकाकर पीटा। आरोप है कि युवक को 12 घंटे तक खंभे से बांधकर रखा गया। शनिवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
नौ सितंबर की रात युवक प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवक को खंभे से बांधकर पीटा। मारपीट का वीडियो भी बनाया गया, जिसमें युवक रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिखाई दे रहा है और आसपास कई लोग मौजूद हैं। उधर, युवक के रातभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में बातचीत हुई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक को छोड़ने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे गए, जिनमें तीन लाख युवती के परिजनों और दो लाख बिचौलियों को देने की बात कही गई। बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष को बुलाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पांच लाख रुपये मांगने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक को छोड़ने और विवाद खत्म करने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे गए। तीन लाख रुपये युवती के परिजनों और दो लाख रुपये बिचौलियों को दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस रकम के लेनदेन की पुष्टि नहीं की है।
तीन बच्चों की मां सीतापुर में मिलीं प्रेमी संग
वहीं दूसरी ओर भदोही जिले से भी प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी 2012 में युवती संग हुई थी। दोनों को तीन नाबालिग बच्चे हैं। परिवार के जीविकोपार्जन को पति सऊदी अरब चला गया। उधर, पत्नी का इंस्ट्राग्राम पर एक युवक से प्रेम परवान चढ़ने लगा। सीतापुर निवासी लालू मिश्रा के साथ विवाहिता अक्सर मिलने लगे। इसी साल फरवरी माह में वह घर से उससे मिलने चली गई। पत्नी के लापता होने पर पति ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बीते नौ सितंबर को सीतापुर जिले के महमूदपुर से उसके कथित प्रेमी लालू मिश्रा के साथ बरामद किया। पुलिस कार्रवाई के बाद शिल्पा को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया। इसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान दर्ज कराया जाएगा। इस दौरान पति और बच्चे उसे घर लौटने के लिए मनाते रहे।

