संवाददाता@विशाल टंडन……
— राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने किया शुभारंभ, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र और साइकिलें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को पंचायत रिसोर्स सेंटर में चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की गई। वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत स्वीकृति चेक तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं तथा रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि तकनीकी नवाचार, आधारभूत संरचना के विकास और रोजगारपरक पहलों के माध्यम से सोनभद्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रदर्शनी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

कार्यक्रम में घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





