Last Updated:
दिग्गज फिल्ममेकर सुभाष घई ने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की सफलता का राज बताते हुए बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपने करियर में उन्होंने कभी स्टार्स के साथ काम नहीं किया. सुभाष घई के मुताबिक, ‘हीरो’ के समय जैकी श्रॉफ, ‘मेरी जंग’ के दौरान अनिल कपूर और ‘खलनायक’ के वक्त संजय दत्त स्टार नहीं थे, बल्कि बाद में सुपरस्टार बने. उन्होंने नए चेहरों पर दांव लगाने की अपनी नीति को ही अपनी सबसे बड़ी ताकत माना.
सुभाष घई ने बॉलीवुड को कई सफल फिल्में दी हैं.
नई दिल्ली. दिग्गज फिल्ममेकर सुभाष घई अपनी शानदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने अपने करियर में 80 और 90 के दशक के बीच बॉलीवुड को कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. ‘हीरो’, ‘खलनायक’, ‘मेरी जंग’, ‘परदेश’, ‘ताल’ और ‘सौदागर’ जैसी मूवीज बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफल हुई थीं. सुभाष घई की खासियत रही कि वह अपनी फिल्मों में ज्यादातर नए चेहरों को ही मौका देते रहे हैं. अब फिल्ममेकर ने खुलकर कहा कि उन्होंने कभी भी स्टार्स के साथ काम नहीं किया.
किशोर अजवानी के शो ‘कहके रहेगा कहने वाला’ में फिल्ममेकर सुभाष घई अपने साथ काम कर चुके सितारों को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा, ‘आपने देखा होगा कि मैंने कभी स्टार के साथ काम नहीं किया. जैकी श्रॉफ स्टार नहीं थे. संजय दत्त स्टार नहीं थे. अनिल कपूर (मेरी जंग फिल्म) स्टार नहीं थे’. इसके अलावा सुभाष घई ने हीरोइनों के नाम भी लिए, जिनके साथ वह अपनी फिल्मों में काम कर चुके हैं.
सुभाष घई ने स्टार्स के साथ काम नहीं किया
उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘माधुरी दीक्षित और मीनाक्षी शेषाद्रि हैं. तो मैंने कभी स्टार्स के साथ काम नहीं किया. अगर कभी स्टार के साथ काम किया भी तो मैंने साफ कहा कि दोस्त बनकर साथ काम करते हैं.’ सुभाष घई ने जैकी श्रॉफ को अपनी फिल्म ‘हीरो’ से लॉन्च किया था, जिसमें उनके अपोजिट मीनाक्षी शेषाद्री नजर आई थीं.
संजय दत्त और अनिल कपूर को लेकर बनाईं फिल्में
सुभाष घई के डायरेक्शन में बनी मेरी जंग में अनिल कपूर हीरो थे. उन्होंने संजय दत्त को लेकर ब्लॉकबस्टर फिल्म खलनायक बनाई थी जिसमें जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित भी अहम भूमिकाओं में थे. साल 1993 में रिलीज हुई यह मूवी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. इसका ‘चोली के पीछे क्या है’ गाना सुपरहिट साबित हुआ था. यहां तक लोग आज भी इसकी धुन सुनते ही थिरकने लगते हैं.
क्यों बंद हो गई थी अमिताभ बच्चन की ‘देवा’?
इंटरव्यू के दौरान सुभाष गई ने ‘देवा’ फिल्म (1987) को लेकर बात की, जो कुछ दिनों की शूटिंग चलने के बाद बंद हो गई थी. इस मूवी में अमिताभ बच्चन लीड हीरो थे. सुभाष घई ने फिल्म न बन पाने का कारण बताते हुए कहा, ‘उन दिनों अमिताभ बच्चन बहुत बिजी थे. मेरा काम करने का तरीका है कि मुझे शेड्यूल के हिसाब से डेट्स मिलनी चाहिए. मैं एक टाइम में एक फिल्म बनाता था. फिर वह पॉलिटिक्स में चले गए. फिर मैंने कहा कि हम दोनों मिलकर एक खराब फिल्म बनाए इससे अच्छा है कि हम ना बनाए.’
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें

