बांदा में गोबर डालने को लेकर हुए विवाद में देवर और जेठ ने मिलकर अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। देवर ने महिला के पति और पुत्र को भी नहीं छोड़ा।
Banda Murder: यूपी के बांदा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पैतृक जमीन पर गोबर डालने को लेकर बात इस कदर बिगड़ गई कि मामला खून-खराबे तक पहुंच गया। देवर ओर जेठ ने मिलकर कुल्हाड़ी और हंसिया से महिला को काट डाला। यही नहीं हमलावरों ने महिला के पति और बेटे को भी नहीं छोड़ा। दोनों को बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर हत्यारोपी देवर को पकड़ लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जसपुरा थाने के बरेहटा गांव के मजरा फकीरा डेरा गांव निवासी 50 वर्षीय राजबहादुर निषाद ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे 11 वर्षीय पुत्र दिव्यांश व 14 वर्षीय बेटी खुशबू घर से खेत आ रहे थे। रास्ते में राजबहादुर के छोटे भाई रामबहादुर ने नशे में उन्हें रोक लिया और थप्पड़ मार दिए। बेटी खुशबू ने फोन कर इसकी जानकारी पिता को दी। इसपर राजबहादुर अपनी 45 वर्षीय पत्नी गीता व 28 वर्षीय बड़े पुत्र अनिल कुमार के साथ खेत से लौटे और रामबहादुर के घर पहुंचे। उलाहना देने पर आरोपी रामबहादुर, उसकी पत्नी राधा व बड़े भाई शिवलोचन, उसकी पत्नी सखिया व पुत्र राजू ने गाली गलौज करते हुए कुल्हाड़ी व हंसिया से हमला कर दिया।
अस्पताल में महिला की मौत
जानलेवा हमले में राजबहादुर, उसकी पत्नी गीता और पुत्र अनिल गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में गीता की मौत हो गई। राजबहादुर ने बताया कि बेटा घर से एक किलोमीटर दूर पैतृक जमीन पर गोबर डालने गया था। छोटे भाई रामबहादुर ने बेटे दिव्यांश को मना किया था और गाली-गलौज की थी। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। जसपुरा थानाध्यक्ष ऋषिदेव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी रामबहादुर को पकड़ लिया गया है।
नाली विवाद में गला दबाकर युवक की हत्या
वहीं दूसरी ओर आजमगढ़ जिले के पवई क्षेत्र में शुक्रवार को नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानपति समेत तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुवार को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में हरिओम की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था।

