Last Updated:
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. सुपरस्टार यश की बिग बजट पैन-इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक’ दूसरे हफ्ते में ही पस्त नजर आ रही है, वहीं नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ अपनी रिलीज के 28वें दिन भी धुआंधार कमाई कर रही है. माउथ पब्लिसिटी के दम पर ‘हनुमान अंश’ ने अपने चौथे हफ्ते में ‘टॉक्सिक’ के मुकाबले दोगुनी कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर यश के स्टारडम को करारी शिकस्त दी है.
नई दिल्ली. नीम करोली बाबा पर बनी भक्ति फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर हंगामा मचा दिया है. सिनेमाघरों में छोटे बजट की यह फिल्म चौथे हफ्ते में शानदार प्रदर्शन कर रही है, वहीं साउथ सुपरस्टार यश की ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ दूसरे हफ्ते में ही हांफने लगी है. डेली कलेक्शन के मामले में ‘हनुमान अंश’ हर दिन ‘टॉक्सिक’ को धूल चटा रही है. चलिए जानते हैं कि दोनों फिल्मों ने भारत में अब तक कितना बिजनेस कर लिया है.
फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों दर्शकों की पहली पसंद बन गई है. ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 28वें दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लंबी छलांग मारी है और उम्मीद है कि वीकेंड पर इसके कलेक्शन में और भी इजाफा हो सकता है. सैकनिल्क के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 28वें दिन 7,055 शो के जरिए देशभर में 11 करोड़ रुपये का धुआंधार कलेक्शन किया है.
सिनेमाघरों में दर्शकों की उपस्थिति 41 फीसदी प्रतिशत रही. इसके साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ फिल्म की कुल कमाई 72.88 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जबकि ग्रोस कलेक्शन 85.97 करोड़ रुपये हो चुका है. आपको जानकर हैरानी होगी कि यह मूवी सिर्फ 2 करोड़ रुपये की लागत में बनी है और अब यह साल 2026 की सरप्राइजिंग हिट फिल्म बन चुकी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
विशाल चतुर्वेदी ने हनुमान अंश को लिखा और डायरेक्ट किया है. यह नीम करोली बाबा पर बनी स्पिरिचुअल ड्रामा फिल्म है. इस फिल्म में शोभिनव सत्य और विहान शेडगे लीड किरदारों में हैं. इसके साथ ही कहानी को जीवंत बनाने में चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे मंझे हुए सितारों ने अहम किरदार निभाए हैं. अपनी बेहतरीन स्टारकास्ट और शानदार कहानी के दम पर यह धार्मिक फिल्म दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ रही है.
अब बात करते हैं साउथ स्टार यश की पैन-इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक’ की. इस मूवी ने पहले दिन बंपर ओपनिंग के साथ इतिहास रचा था, लेकिन इसके बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखने में नाकाम रही. हालत यह है कि फिल्म का कलेक्शन अब डबल डिजिट का आंकड़ा भी नहीं छू पा रहा है और कमाई घटकर 10 करोड़ रुपये प्रतिदिन से काफी नीचे आ गई है.
‘टॉक्सिक’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 101 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ धमाकेदार शुरुआत की थी. यह इस साल किसी भी भारतीय फिल्म के लिए घरेलू बाजार में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग रही, जो सिर्फ ‘धुरंधर 2’ के ऐतिहासिक 103 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड से ही पीछे थी. हालांकि, इस शानदार आगाज के बाद फिल्म का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा.
रिलीज के बाद यानी गुरुवार को फिल्म की कमाई सिमटकर 37.65 करोड़ रुपये रह गई, जबकि शुक्रवार को यह घटकर 27.20 करोड़ रुपये हो गई. वीकेंड पर भी कोई बड़ा उछाल देखने को नहीं मिला. फिल्म ने शनिवार को 25.15 करोड़ रुपये और रविवार को महज 23 करोड़ रुपये का कारोबार किया.
सोमवार को फिल्म की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई और इसका बिजनेस महज 7.45 करोड़ रुपये पर आकर अटक गया. मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ 7.85 करोड़ रुपये मिले, लेकिन बुधवार को आंकड़ा फिर गिरकर 5.45 करोड़ रुपये रह गया. वहीं गुरुवार तक फिल्म की हालत और पतली हो गई. सैकनिल्क के अनुसार, इसने 9वें दिन सिर्फ 4.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. इसके साथ ही फिल्म का भारत में 9 दिनों का कुल कलेक्शन 239.30 करोड़ तक ही पहुंच पाया है.

