संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी सिंगरौली में दिनांक 16 मई 2026 से स्वच्छता पखवाड़ा का विधिवत एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल अम्बेडकर भवन, शक्तिनगर टाउनशिप से एक भव्य स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों, सीआईएसएफ कार्मिकों, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों सहित अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। रैली के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) रहे। उनके साथ अरविंद कुमार, उप समादेष्टा (सीआईएसएफ) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर स्वच्छता शपथ का वाचन अंग्रेज़ी में सी.एच. किशोर कुमार द्वारा तथा हिंदी में अरविंद कुमार द्वारा कराया गया। शपथ के माध्यम से सभी उपस्थितजनों ने अपने कार्यस्थल एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ बनाए रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन 16 मई 2026 से 31 मई 2026 तक किया जाएगा। इस अवधि के दौरान परियोजना एवं टाउनशिप परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत स्वच्छता अभियान, श्रमदान, स्वच्छता निरीक्षण, प्रतियोगिताएँ तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं स्थानीय नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण को प्रोत्साहित करना है।
एनटीपीसी सिंगरौली सदैव सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वच्छता संबंधी पहलों के प्रति प्रतिबद्ध रहा है तथा स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को साकार करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।