@जे0 के0……
— व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कमियां दूर करने के दिए निर्देश

Sonbhadra । मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी ने मंगलवार को जनपद के दो प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार, सीडीओ ने शिक्षा क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय जैत तथा शिक्षा क्षेत्र घोरावल के प्राथमिक विद्यालय जमगांव का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था, साफ-सफाई, छात्र उपस्थिति तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के समय जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) भी मौजूद रहे। विद्यालयों में मिली खामियों पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए बीएसए को आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जाए।