संवाददाता@उमेश सिंह….

अनपरा थाना क्षेत्र के कहुवानाला के समीप शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद बस चालक मौके पर बस खड़ी कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अनपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजवाया।

घायल की पहचान राजलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।