संवाददाता@विशाल टंडन……

जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना म्योरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के एक संगठित अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ग्राम कुदरी (भदहर टोला) में छापेमारी कर मौके से 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुल ₹2.34 लाख नकद, 20 मोबाइल फोन और चार चारपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुदरी गांव में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सभी आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस गिरोह में शामिल कई लोग अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी आकर जुआ खेलते थे। पुलिस के अनुसार राजेश कुमार इस पूरे नेटवर्क का संचालक है।
पुलिस ने मौके से ₹2,09,700 नकद फड़ से तथा ₹24,600 अभियुक्तों की तलाशी से बरामद किए। इसके अलावा तीन ताश की गड्डियां, 20 मोबाइल फोन और चार वाहन (ब्रेजा, किया, वैगनआर और अर्टिगा) भी जब्त किए गए। सभी वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
इस संबंध में थाना म्योरपुर में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।