मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन……..

रॉबर्ट्सगंज नगर की होनहार बेटी ने अपने परिवार ही नहीं, बल्कि समाज, क्षेत्र, प्रदेश और पूरे देश का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर हम सभी को गर्व है। यह बातें पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने बुधवार को नगर की बेटी खुशबू सोनी के घर पहुंचकर उन्हें बधाई देते हुए कही। खुशबू सोनी ने यूपी पीसीएस परीक्षा में शानदार 26वां स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि खुशबू की लगन और परिश्रम ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। साथ ही यह मिथक भी टूट गया है कि केवल बड़े शहरों और प्रतिष्ठित स्कूलों से पढ़कर ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थी को राष्ट्र के विकास में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की सलाह दी, ताकि आने वाली पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके। खुशबू सोनी के पिता, नगर के बर्तन व्यवसायी स्वर्गीय राजकुमार सोनी का वर्ष 2022 में हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद खुशबू ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने भाइयों को भी प्रेरित किया। परिणामस्वरूप, उनके दो भाई इंजीनियर बने और खुशबू ने यूपी पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और समाज का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर राम प्रसाद यादव, प्रमोद यादव (सपा नगर अध्यक्ष), पारब्रह्म सिंह, मोहन जायसवाल, दीपक केसरी, आशीष केसरी, अजय सोनी, पवन सोनी, अक्षत सोनी, पियूष सोनी, चंदन सोनी, स्नेहा, काजल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।