रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..
— मुर्धवा मोड़ पर सघन जांच अभियान, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को यातायात पुलिस द्वारा मुर्धवा मोड़ पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व यातायात प्रभारी कृष्ण कुमार शुक्ला ने किया। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। जांच अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के चल रहे दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों, प्रेशर हॉर्न का अवैध रूप से इस्तेमाल करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई वाहनों का चालान काटा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य है और निर्धारित मानकों से अधिक आवाज वाले प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कानूनन अपराध है।
यातायात प्रभारी कृष्ण कुमार शुक्ला ने जांच के दौरान वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है, जबकि चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप हॉर्न का ही इस्तेमाल किया जाए, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों को असुविधा न हो।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह नियमित रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक उमेश वर्मा, उमेश प्रताप सिंह, मदन मोहन मिश्रा सहित यातायात पुलिस का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा और पूरी मुस्तैदी के साथ वाहनों की जांच की गई। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा और सड़क पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करें।