रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..
__पदोन्नति में देरी से शिक्षकों में बढ़ रही नाराज़गी, कहा — डिजिटल माध्यम से हो गोपनीय आख्या संग्रह

राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश (मूल संघ) ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि एलटी ग्रेड और प्रवक्ता संवर्ग के शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से प्रारंभ किया जाए। इस संबंध में संघ के प्रदेश कार्यकारी महामंत्री एवं राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार अवाक ने शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव को ज्ञापन भेजकर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
डॉ. अवाक ने बताया कि प्रदेशभर में अधीनस्थ राजपत्रित अधिकारी एवं शिक्षक वर्ग के अनेक पद वर्षों से रिक्त पड़े हुए हैं, जिससे शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। वहीं, बड़ी संख्या में ऐसे शिक्षक और शिक्षिकाएँ हैं जो आगामी वर्ष 31 मार्च तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यदि पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ नहीं की गई, तो ये शिक्षक अपने वर्तमान पद पर ही सेवानिवृत्त हो जाएंगे, जिससे उन्हें सेवा के अंतिम चरण में पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाएगा।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति से न केवल शिक्षकों में निराशा और असंतोष का वातावरण बन रहा है, बल्कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षक भी निरुत्साहित हो रहे हैं। डॉ. अवाक ने यह भी सुझाव दिया कि पदोन्नति प्रक्रिया को त्वरित और पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षकों की गोपनीय आख्या (A.C.R.) ऑनलाइन अथवा डिजिटल माध्यम से मंगाई जाए, ताकि कार्यालयी भ्रष्टाचार पर रोक लग सके और प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जा सके।
मूल संघ के प्रदेश कार्यकारी महामंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज सदैव शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है, इसलिए सरकार को भी उनकी वैधानिक पदोन्नति के अधिकारों का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा निदेशक शीघ्र ही इस विषय पर निर्णय लेकर लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ करेंगे, जिससे शिक्षकों में सकारात्मक संदेश जाएगा।