संवाददाता@रामबली मिश्रा….

भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को बीजपुर क्षेत्र में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर तिलक लगाया और मुंह मीठा कराया। बहनों ने भाइयों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की सदैव रक्षा करने का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।

रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में एक दिन पहले से ही काफी चहल-पहल देखने को मिली। भाइयों ने बहनों के लिए उपहार, मिठाई और अन्य सामानों की खरीदारी की, जबकि बहनों ने भी आकर्षक एवं रंग-बिरंगी राखियों की जमकर खरीदारी की। पर्व को लेकर क्षेत्र के बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही।

रक्षाबंधन पर बहनों को अपने मायके पहुंचने के लिए सरकार की ओर से निःशुल्क रोडवेज बस सेवा का भी लाभ मिला। इसके चलते एक दिन पहले से ही रोडवेज बसों में महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए विभिन्न स्थानों की यात्रा करती नजर आईं। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।