संवाददाता@बद्री प्रसाद….

चोपन थाना क्षेत्र के सलखन मुख्य राजमार्ग पर नौका टोला के समीप बुधवार की मध्यरात्रि के बाद सड़क पर बैठे लावारिस पशुओं के झुंड को बचाने के प्रयास में एक खाली हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।

बताया गया कि हाईवा ट्रक चोपन की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुख्य राजमार्ग के बीचोंबीच लावारिस पशुओं का झुंड बैठा दिखाई दिया। पशुओं को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। संयोगवश हादसे में चालक और खलासी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

चालक दया पटेल ने बताया कि मुख्य राजमार्ग पर जगह-जगह लावारिस पशुओं के सड़कों पर बैठने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार वाहन चालकों को अचानक सामने आए पशुओं को बचाने के लिए वाहन मोड़ना पड़ता है, जिससे हादसे की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।