…अखाड़ा महाल वार्ड में कई दिनों से जमा है पानी, जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग

रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद के विस्तारित क्षेत्र अखाड़ा महाल, वार्ड नंबर 15 (कम्हारी) में मुख्य मार्ग पर जलजमाव से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बुधवार को आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर जमा पानी को हाथों से हटाकर अपनी नाराजगी जताई और नगर पालिका से जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।

स्थानीय निवासी अजय कुमार ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मुख्य मार्ग से अखाड़ा महाल (कम्हारी)होते हुए मानपुर जाने वाले मार्ग पर जीवनदीप हॉस्पिटल के पास से शमशाद खान के मकान तक करीब 100 मीटर की दूरी में कई दिनों से पानी जमा है।

मार्ग के एक छोर पर नाली का निर्माण तो करा दिया गया है, लेकिन सड़क के पानी को नाली तक पहुंचाने के लिए समुचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं की गई है।

सूरज केसरी ने बताया कि पानी भरा होने के कारण सड़क पर मौजूद गड्डों का अंदाजा नही होता। इससे दोपहिया वाहन और साइकिल सवारों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

सोनू सोनकर ने कहा कि सड़क किनारे नाली का निर्माण कर दिया गया, लेकिन सड़क का पानी नाली में कैसे पहुंचे, इसका कोई इंतजाम नहीं किया गया है। पैदल राहगीरों को भी नाली के किनारे से होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी आकाश कुमार, अनिल कुमार, पप्पू खान, राजू, त्रिभुवन, पंकज कुमार सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका परिषद का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मार्ग को जलजमाव से मुक्त कराने और स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
