संवाददाता@रामबली मिश्रा…..
एनटीपीसी रिहंद के सीएसआर विभाग ने स्मार्ट टीवी से पढ़ाई के लिए लगवाई थीं सोलर प्लेट, शिक्षकों में मचा हड़कंप

बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डोडहर स्थित कंपोजिट विद्यालय से छह सोलर ऊर्जा प्लेट चोरी होने का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद पांडेय ने शुक्रवार को बीजपुर पुलिस को लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानाध्यापक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि एनटीपीसी रिहंद परियोजना के सीएसआर विभाग की ओर से विद्यालय के बच्चों को स्मार्ट टीवी के माध्यम से पढ़ाई कराने के उद्देश्य से विद्यालय की छत पर छह सोलर ऊर्जा प्लेट लगाई गई थीं। गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय की छत पर लगे सभी छह सोलर प्लेट चोरी कर लिए।

शुक्रवार की सुबह जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो छत से सोलर प्लेट गायब देखकर उनके होश उड़ गए। शिक्षकों ने इसकी जानकारी प्रधानाध्यापक को दी। इसके बाद प्रधानाध्यापक ने बीजपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना से अवगत कराया और लिखित तहरीर देकर मामले में जांच कर चोरी गए सोलर प्लेट बरामद करने की मांग की। घटना से विद्यालय परिसर में हड़कंप मचा हुआ है।