मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..जर्जर वैकल्पिक मार्ग से श्रद्धालुओं को होगी परेशानी, दो दिन निर्माण कार्य रोककर रास्ते की मरम्मत कराने की मांग

छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राहुल जैन के नेतृत्व में शुक्रवार को पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी सदर को ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित छोटी नहर तक जाने वाले अवरुद्ध मार्ग को खोलने और उसकी मरम्मत कराने की मांग की गई।

जिला अध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि छठ महापर्व पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु छोटी नहर पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। लेकिन रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज निर्माण के चलते क्रॉसिंग के दोनों तरफ लगभग 100-100 मीटर तक रास्ता बंद कर दिया गया है। वैकल्पिक मार्ग के रूप में करीब पांच फीट का रास्ता छोड़ा गया है, जो काफी जर्जर हो चुका है।

उन्होंने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग से महिला थाना तक लगभग 100 मीटर मार्ग अवरुद्ध होने के कारण श्रद्धालुओं को महिला थाना और हाइडिल मैदान होकर रेलवे क्रॉसिंग पार करनी पड़ेगी। इससे महज 100 मीटर की दूरी तय करने के लिए उन्हें करीब एक किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा।

राहुल जैन ने कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु नंगे पांव तथा कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए घाट तक जाते हैं। ऐसे में जर्जर रास्ते और लंबी दूरी के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि ओवरब्रिज के पिलर निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। ऐसे में निर्माण कार्यदायी संस्था यदि दो दिनों के लिए काम रोककर अवरुद्ध मार्ग खोल दे और उसकी मरम्मत करा दे तो श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिल सकती है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से छठ महापर्व से पहले रास्ता खोलने और मरम्मत कराने की मांग की गई। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, जिला सचिव व्यापार आशीष पाल, जिला उपाध्यक्ष व्यापार अब्दुल कादिर, मनोज मिश्रा, रामकुमार, चंदन पांडेय, उमेश पटेल, हरिद्वार सिंह, रवि पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।