संवाददाता@विजय अग्रहरी….

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पन्ना मोड़ धनावल गांव में सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 50 वर्षीय दिव्यांग की मौत हो गई। मंगलवार से लापता व्यक्ति का शव बुधवार सुबह पानी में उतराया मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बलिराम (50) पुत्र श्रीराम मंगलवार को पानी भरे गड्ढे में डूब गया था। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पानी में शव उतराया देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मर्चरी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।