मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिले के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 13 नवंबर को रॉबर्ट्सगंज स्थित विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जिला खेल कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार ट्रायल सुबह आठ बजे से शुरू होगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय खेल कार्यालय मिर्जापुर एवं मंडल विंध्याचल के निर्देश पर आयोजित इस चयन प्रक्रिया के तहत चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 23 नवंबर तक गोंडा स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा।

जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को उसी दिन 13 नवंबर को दोपहर एक बजे मिर्जापुर के भीसखुरी पहाड़ी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में शामिल होना होगा। वहां विंध्याचल मंडल की टीम का चयन किया जाएगा।

जिला खेल कार्यालय ने ट्रायल में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए सीओआरओएस होना अनिवार्य बताया है। साथ ही खिलाड़ियों को पूरी खेल तैयारी के साथ सुबह आठ बजे विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला खेल अधिकारी ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।