संवाददाता@उपेंद्र तिवारी…..

दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम छात्र की जान चली गई। पड़ोसी के टेम्पो पर घूमने निकला बालक अचानक नीचे गिरकर पहिये की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल छात्र ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान रिशु राज (10) पुत्र दीपक निवासी कटौली के रूप में हुई है। वह गांव के ही एक निजी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे रिशु समेत गांव के पांच-छह बच्चे सेमर टोला से पड़ोसी के टेम्पो पर घूमने निकले थे। इसी दौरान सेमर मोड़ से कसिवा मोड़ की तरफ जाते समय टेम्पो में चालक सीट पर बैठे एक बालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। इससे रिशु नीचे गिर पड़ा और टेम्पो के पहिये की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद बच्चों ने घायल रिशु को टेम्पो में रखा और एक बच्चे ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और उसे दुद्धी के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। गुरुवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि रिशु दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक छोटी बहन भी है। मासूम की असमय मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।