संवाददाता@रामबली मिश्रा….

सीआईएसएफ यूनिट, एनटीपीसी रिहंद में, सीआईएसएफ अग्निशमन निदेशालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 03 एवं 04 नवंबर 2026 को वार्षिक अग्नि सुरक्षा ऑडिट संपन्न हुआ। यह ऑडिट श्री राजेश कुमार शर्मा, उप समादेष्टा/फायर, सीआईएसएफ यूनिट एटीपीपी अनपरा द्वारा किया गया।

ऑडिट के दौरान ऑडिट अधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने परियोजना प्रमुख (एचओपी/ईडी) एवं मानव संसाधन प्रमुख सहित एनटीपीसी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान मौजूदा अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आधुनिक तकनीकों के समावेश की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

निरीक्षण के क्रम में ऑडिट अधिकारी ने दोनों अग्निशमन केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अग्निशमन वाहनों, अग्निशमन उपकरणों एवं बचाव उपकरणों का प्रत्यक्ष संचालन करवाकर उनकी कार्यक्षमता का जायजा लिया। साथ ही अग्निशमन ड्रिल का निरीक्षण किया तथा फायर कंट्रोल रूम, फायर स्टोर एवं सीआईएसएफ मुख्य कार्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

ऑडिट के दौरान फ्यूल ऑयल टैंक क्षेत्र में मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से अपनी तत्परता एवं कार्यक्षमता का प्रदर्शन किया। ऑडिट अधिकारी ने सीआईएसएफ अग्निशमन विंग की रिस्पांस टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा एनटीपीसी के संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप ये लसे क्यूआरटी टीम , एम्बुलेंस सेवाओं, संचालन एवं अनुरक्षण विभाग तथा सुरक्षा टीम द्वारा प्रदर्शित त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय की प्रशंसा की।

इस अवसर पर एक सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें ऑडिट अधिकारी ने सीआईएसएफ के सभी बल सदस्यों के साथ संवाद किया तथा अग्नि सुरक्षा एवं ड्यूटी के प्रति सजगता और तत्परता बनाए रखने के महत्व पर चर्चा की।

ऑडिट अधिकारी द्वारा आवश्यक सुझावों एवं अनुशंसाओं सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। यह ऑडिट यूनिट की अग्नि सुरक्षा तैयारियों, संसाधनों की कार्यक्षमता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।