मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
…व्यापारियों ने जताया हर्ष, कहा—उनके नेतृत्व में व्यापारियों की समस्याओं को मिलेगी मजबूती से आवाज

राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद स्वरूप मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश का प्रदेश संयोजक नियुक्त किए जाने पर सोनभद्र के व्यापारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस नियुक्ति पर सोनभद्र व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं जिला महामंत्री राजेश बंसल ने संयुक्त रूप से कहा कि मुकुंद स्वरूप मिश्रा का संपूर्ण जीवन व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए समर्पित रहा है। संगठन में उनके लंबे अनुभव, निष्ठा और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष प्रकाश केसरी, युवा अध्यक्ष रमेश जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, किराना अध्यक्ष श्यामलाल केसरी, आईटी सेल अध्यक्ष अजय केसरी एवं मंडी अध्यक्ष श्याम बाबू ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।

पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि मुकुंद स्वरूप मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रभावी पहल होगी तथा सरकार और व्यापारी समाज के बीच समन्वय और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति प्रदेश के व्यापारी समाज के लिए गौरव का विषय है।

अंत में सोनभद्र व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने भाजपा के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुकुंद स्वरूप मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई दी।