मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..

ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 10 में वर्तमान समय में कबाड़ चोरों का आतंक बना हुआ है। कबाड़ चोर प्रतिदिन किसी ने किसी विशेष क्षेत्र को अपना निशाना बना रहे हैं। कबाड़ चोरों के आतंक को लेकर रहवासियों में भय बना हुआ है। वही सेक्टर दस निवासी मोहित सिंह पटेल ने बताया कि भलुआ टोला पुलिस लाइन क्षेत्र तथा सेक्टर दस कॉलोनी परिसर में बिजली आपूर्ति हेतु लगाए गए ट्रांसफार्मर के चारों तरफ लोहे के पाइप की बाउंड्री बनाई गई थी। जिसे कबाड़ चोर लगभग 70 फीसदी से ज्यादा उखाड़ कर तथा काटकर चोरी कर ले गए।

उन्होंने बताया कि दिन में कबाड़ चोर बाउंड्री में लगे पाइप को उखाड़ कर छोड़ देते हैं। वहीं रात्रि 2 बजे से भोर के 4 बजे के बीच चोर उसे चोरी कर ले जाते हैं। वर्तमान समय में बिजली आपूर्ति हेतु लगाया गया ट्रांसफार्मर पूरी तरह से खुले में हो गया है। इसके चलते मवेशियों के जान जाने का भी खतरा बना हुआ है। श्री पटेल ने बताया कि नगर के विभिन्न कबाड़ की दुकानों पर चोर सरकारी संपत्ति को आसानी से बेच लेते हैं। इसके चलते प्रतिदिन चोरियां हो रही हैं।
वहीं कुछ अन्य रहवासी बालगोविंद, शोभनाथ महतो, आदित्य विश्वकर्मा, मनोज पटेल ने बताया कि कॉलोनी परिसर स्थित आवासों के सामने सुरक्षा की दृष्टि से बनाए गए रेलिंग अथवा खाली पड़े आवासों में लगे लोहे के सामानों को कबाड़ चोर पूरी तरह से चोरी कर चुके हैं। ऐसी स्थिति में रहवासी घरों की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं।रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग किया है कि वर्तमान समय में बढ़ रहे कबाड़ चोरों के आतंक को रोका जाए। अन्यथा की स्थिति में किसी दिन बड़ी चोरी की घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है।