संवाददाता@रामबली मिश्रा……
पत्नी के मायके जाने के बाद घर में हुई घटना, पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरहा के टोला चेतवा में शुक्रवार को 39 वर्षीय युवक की मौत से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पन्नालाल पुत्र रजलाल निवासी टोला चेतवा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पन्नालाल की पत्नी पिछले पांच दिनों से अपने मायके गई हुई थी। शुक्रवार की सुबह युवक ने अपने पांचों बच्चों को घर से बाहर भेज दिया। इसके कुछ देर बाद घर के अंदर बड़ेर में साड़ी का फंदा लगा लेने से उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि कुछ देर बाद उसकी बेटी मनीषा घर पहुंची और दरवाजा खुलवाने लगी। अंदर से दरवाजा बंद होने पर वह पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुई। घर के अंदर पिता को इस हालत में देखकर वह चीख-पुकार करते हुए रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद पड़ोसियों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती को घटना से अवगत कराया। विनोद भारती की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को मर्चरी में रखवा दिया।
प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि शव को शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मृतक के परिवार में चार पुत्र और एक पुत्री हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है। घटना के बाद से परिजनों में शोक व्याप्त है।