संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी सिंगरौली में सीआईआई–आईटीसी सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड्स 2026 के अंतर्गत कॉरपोरेट उत्कृष्टता श्रेणी का चार दिवसीय मूल्यांकन 26 से 29 अक्टूबर तक संपन्न हुआ। इस दौरान मूल्यांकन टीम ने संयंत्र की सतत विकास पहलों, पर्यावरण प्रबंधन, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, हितधारक सहभागिता, सीएसआर गतिविधियों तथा प्रचालन उत्कृष्टता का विभागीय संवाद और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से आकलन किया।
मूल्यांकन टीम में टीम लीडर विवेक कुमार सिंह, मोनिका जैन एवं बृजेश मिश्रा शामिल रहे। टीम ने विभिन्न विभागों और कार्यस्थलों का निरीक्षण करने के साथ कॉरपोरेट सीएसआर के उच्च प्रबंधन से भी संवाद किया।

सीएसआर गतिविधियों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान टीम ने सिलाई प्रशिक्षण, बालिका सशक्तीकरण अभियान (GEM), ग्रामीण क्वालिटी सर्किल, मशरूम उत्पादन, ब्यूटीशियन प्रशिक्षण और जेसीबी ऑपरेटर प्रशिक्षण से जुड़े लाभार्थियों से बातचीत की। टीम ने प्रशिक्षण, स्वरोजगार, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों तथा इन योजनाओं के जमीनी प्रभाव की जानकारी प्राप्त की।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहल के तहत 29 अक्टूबर को कर्मचारी विकास केंद्र में गणित मेले का आयोजन हुआ। इसमें कंपोजिट विद्यालय तारापुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय कहरौल के विद्यार्थियों ने गणितीय गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया।

एनटीपीसी सिंगरौली के सहयोग से संस्था ‘प्रथम’ द्वारा 22 विद्यालयों में GEM 2.0 के तहत ‘हमारी दुनिया’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। मूल्यांकन का समापन प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक से हुआ। महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) अगम प्रकाश तिवारी सहित महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष एवं सीएसआर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
टीम ने प्रमुख अवलोकन साझा करते हुए निरंतर सुधार के लिए सुझाव दिए। तिवारी ने मूल्यांकन टीम का आभार जताते हुए सतत विकास और उत्कृष्टता को एनटीपीसी सिंगरौली की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण आधार बताया।