संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

पिपरी थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार वारंटी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मुर्धवा मोड़ पर तीन युवकों के बीच मारपीट होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पिपरी पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मारपीट कर रहे तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित यादव (26) पुत्र राम आशीष यादव निवासी विश्वकर्मा नगर, रेणुकूट, मिथिलेश कुमार (37) पुत्र राकेश विश्वकर्मा निवासी जेपी कॉलोनी, रेणुकूट तथा बदल सिंह (24) पुत्र अनंत कुमार सिंह निवासी कृष्ण मंदिर के पीछे, रेणुकूट के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय दुद्धी में पेश किया। वहीं, पुलिस ने एनबीडब्ल्यू वारंट के तहत चार वारंटी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार वारंटियों में हीरालाल यादव (36) पुत्र फूलचंद्र, अकबरी पत्नी मनराखन, देवकली पत्नी बाबू नंदन तथा मनीर यादव उर्फ मन्नीलाल (30) पुत्र गणेश निवासीगण सेंदुर टोला कुर्लिहवा, थाना पिपरी शामिल हैं।
चारों अभियुक्तों के विरुद्ध वर्ष 2011 के मुकदमा संख्या 176/2011, धारा 279 एवं 304ए आईपीसी के तहत न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया है।