मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सांसद छोटेलाल खरवार बोले- बनारस की जीत ने जनता का रुख साफ कर दिया

समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर मुंह मीठा कराया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद कहा था कि शिक्षक और स्नातक सीटों का चुनाव परिणाम आगे की राजनीतिक दिशा का संकेत देगा। अब इसका परिणाम सामने है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने स्नातक सीट पर करीब 18-19 हजार और शिक्षक सीट पर लगभग साढ़े पांच हजार मतों से जीत दर्ज की है। इससे प्रदेश की जनता का रुख स्पष्ट हो गया है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी हो रही है। चितईपुर से अखरी चौराहे तक सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है, जबकि एयर शो पर करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के करीब 50 जिलों में सपा को जीत मिली है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

सांसद ने भाजपा सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि आरक्षण, संविधान और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सहयोगी दलों के नेता खुलकर नहीं बोलते। जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जनता तैयार है।

बैठक में अनिल यादव,विजय यादव,परमेश्वर दयाल, सईद कुरेशी, राजेंद्र पटेल, हिदायत खान,मंदाकिनी पांडे,निधि पांडे,सत्यम पांडे,गीता गौर,दीपक केसरी, सरदार पारब्रह्म सिंह, अनिल प्रधान, अशोक कुमार, दीपक केशरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।