मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..खनन बैरियर से बचने के लिए सड़क पर खड़े किए गए थे ट्रक, जाम में फंसी एंबुलेंस; पुलिस ने खुलवाया रास्ता

खनन बैरियर से बचने के लिए स्टेट हाईवे-05 पर अनाधिकृत रूप से ट्रक खड़े कर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

इस मामले में 16 ट्रक मालिकों और 16 चालकों समेत कुल 32 लोगों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, टोल प्लाजा के पास कुछ ट्रक खनन बैरियर से बचने के उद्देश्य से हाईवे पर खड़े कर दिए गए थे। इससे शक्तिनगर की ओर से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।

इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जाम खुलवाया और वाहनों का आवागमन सुचारु कराया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि हाईवे पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।