संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..

हेरोइन तस्करी के मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद वकील को सोनभद्र पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को चोपन पुलिस और एसओजी की टीम ने वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर कार्रवाई करते हुए दो लग्जरी वाहनों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई थी। मामले में थाना चोपन में मुकदमा अपराध संख्या 0319/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को कथित तस्करी नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन और हेरोइन की आपूर्ति से जुड़े लोगों की भूमिका की जानकारी मिली। इसी क्रम में बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरा मुर्तजा निवासी मोहम्मद वकील पुत्र मोहम्मद शकील का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार, विशेष टीम ने 28 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:10 बजे ग्राम टिकरा मुर्तजा से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि तस्करी नेटवर्क के जरिए लखनऊ, बाराबंकी समेत अन्य स्थानों से थोक मात्रा में हेरोइन लाकर सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर बिक्री कराई जाती थी।

करीब 36 वर्षीय आरोपी के आपराधिक इतिहास में एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम से जुड़े मामले भी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और अवैध हेरोइन की आपूर्ति में सहयोग करने का आरोप है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई।

टीम में साइबर थाना के उपनिरीक्षक आशीष पटेल, चोपन थाने के हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सरोज और साइबर थाना के हेड कांस्टेबल राजेश यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।