मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
…हुनर के सहारे स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया गया प्रेरित

इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र में संचालित 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए हुनर का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में अपर जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह और सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि आज के समय में हुनर सीखकर अपना काम शुरू करना रोजगार पाने का एक अच्छा विकल्प है। ब्यूटी पार्लर से जुड़ा प्रशिक्षण महिलाओं और युवतियों को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर प्रदान कर सकता है।

अपर जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का सही उपयोग कर वे अपना रोजगार स्थापित कर सकती हैं। इसके लिए जरूरी है कि वे अपने हुनर को निखारें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

अपना काम शुरू करने से न केवल वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं, बल्कि भविष्य में अन्य लोगों को भी रोजगार देने में सक्षम हो सकती हैं।

35 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षार्थियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित व्यावहारिक और व्यावसायिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षार्थियों के पास अपना ब्यूटी पार्लर शुरू करने या इस क्षेत्र में काम करने का अवसर उपलब्ध होगा। वे अपनी सुविधानुसार घर से भी काम शुरू कर सकती हैं।

आरसेटी की ओर से संचालित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार किया जाता है, ताकि वे अपनी आजीविका चला सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में योगदान दे सकें।