@जे0 के0……
— रात से जाम में फंसे यात्री, एंबुलेंस भी हुई प्रभावित; गिट्टी-मोरंग लदे वाहनों से बढ़ी परेशानी

Sonbhadra। वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर स्थित मारकुंडी घाटी में गुरुवार को भीषण जाम लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। रात से ही बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे हैं। जाम का दायरा कई किलोमीटर तक पहुंचने से यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जाम में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी घंटों फंसे रहे। आपातकालीन मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे मरीज और उसके परिजनों की चिंता बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि मारकुंडी घाटी में गिट्टी और मोरंग लदे वाहनों की अधिक संख्या तथा वाहनों के एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ के कारण यातायात व्यवस्था बिगड़ी। वहीं, बैरियर पर अधिकारियों की गैरमौजूदगी को भी जाम की एक वजह बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि बीती रात टोल प्लाजा के समीप चेकिंग अभियान चलाकर जाम खुलवाया गया था, लेकिन इसके बावजूद गुरुवार सुबह फिर से मारकुंडी घाटी में लंबा जाम लग गया।

जाम के कारण हाईवे पर आवागमन करने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था सुचारु कराने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।