मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

विकास खंड चतरा में बुधवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम और वन स्टॉप सेंटर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों और ग्रामीणों को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

चौपाल में बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से बचाव, लैंगिक समानता, बाल अधिकार और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, सामूहिक विवाह, सखी निवास और रानी लक्ष्मीबाई योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला पावर लाइन 1090, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग की जानकारी दी गई।

महिलाओं को साइबर अपराध, नशे और असुरक्षित व्यवहार से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। किसी भी तरह के उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन और विभागों से सहायता लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक नीतू यति, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सीमा द्विवेदी, सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह सहित समूह की महिलाएं, किशोरियां और संबंधित विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।