@जे0 के0…..

Sonbhadra । अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोनभद्र पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में 26 अक्टूबर तक विभिन्न थाना क्षेत्रों के 16 अभियुक्तों को जिला बदर घोषित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई के तहत जिलाधिकारी सोनभद्र ने संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध जिला बदर के आदेश पारित किए हैं। आदेश के अनुसार सभी संबंधित अभियुक्तों को छह माह की अवधि के लिए जनपद सोनभद्र की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला बदर किए गए अभियुक्तों में थाना चोपन के एलाज उर्फ आशिक, दीपक यादव, सोनू मौर्या और पंचू; थाना शक्तिनगर के शकील, संतोष सागर, अंकित कुमार भारती, राजन भारती और रविरावण; थाना बीजपुर के दिनेश कुमार; थाना रामपुर बरकोनिया के राजकुमार यादव और छविनाथ उर्फ छब्बी; थाना शाहगंज के धनेश और अखिलेश सिंह पटेल उर्फ छोटन; थाना करमा के रहमान तथा थाना अनपरा के जासमान शर्मा उर्फ बब्लू शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार जिला बदर की अवधि में यदि कोई अभियुक्त प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करता है या आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा जिला बदर किए गए अभियुक्तों की गतिविधियों पर निगरानी भी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।