संवाददाता@रामबली मिश्रा…..

एनटीपीसी रिहंद ऐश डाइक से राख लादकर सिरसोती पुनर्वास के बाईपास मार्ग से गुजर रहे हाइवा की चपेट में आने से मंगलवार सुबह एक दुधारू गाय के दोनों पैर टूट गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने घायल गाय के इलाज का खर्च उठाने के साथ मार्ग पर ब्रेकर बनवाने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और नाली निर्माण की मांग रखी।
ग्रामीणों का कहना था कि पुनर्वास क्षेत्र में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और तेज रफ्तार से ग्रामीणों, बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। जाम के चलते रेणुकूट-बीजपुर मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप से पुनर्वास क्षेत्र तथा सिरसोती से शांतिनगर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। राख लदे ट्रकों समेत अन्य वाहन भी जाम में फंसे रहे।

करीब 30 घंटे तक चले जाम के बाद बुधवार दोपहर करीब एक बजे एनटीपीसी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई। मांगों पर प्रबंधन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ। मौके पर सीआईएसएफ, पुलिस, एनटीपीसी प्रबंधन और संविदाकार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।