@जे0 के0…..

Sonbhadra। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस ने SATYA SANATAN TRUST के नाम से पंजीकृत बैंक खाते से करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में दो और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार JMIS पोर्टल के माध्यम से उक्त बैंक खाते की जांच में साइबर फ्रॉड से संबंधित 35 शिकायतें सामने आई थीं। खाते से करीब 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद दुद्धी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस मामले में पुलिस ने 25 अक्टूबर को मुख्य अभियुक्त हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान सामने आए अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी थी।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में दुद्धी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 26 अक्टूबर की शाम करीब 6:10 बजे रनटोला तिराहा, थाना म्योरपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश राज सिंह (40), निवासी अनपरा तथा जोनसीन क्रिशायान उर्फ राजेश कुमार (36), निवासी रेहटा, अनपरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। विधिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।