@जे0 के0….
— रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी के रूप में निभाई अहम जिम्मेदारी

Sonbhadra। 70वें नेशनल स्कूल गेम्स (SGFI) में रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी की जिम्मेदारी निभाकर सोनभद्र के रवि सिंह ने जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जम्मू-कश्मीर सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता ने रवि सिंह को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर एवं को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय रेफरी हैं। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 22 से 26 अक्टूबर तक गांदरबल, श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उन्होंने अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों में रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उनकी भूमिका और योगदान को देखते हुए जम्मू-कश्मीर खेल विभाग की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से हिण्डालको रेणुकूट, सोनभद्र और उत्तर प्रदेश में खुशी का माहौल है।

रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अंतर्राष्ट्रीय रेफरी अतुल पंगोत्रा, मास्टर विनोद, अपनी माता और स्वर्गीय पिता महामाया प्रसाद सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि पिता भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संघर्ष, सपने और आशीर्वाद हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
रवि सिंह की उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के जरिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।