मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..बिना अनुमति पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों पर होगी कार्रवाई

दीपावली के मद्देनजर राबर्ट्सगंज में पटाखों के भंडारण स्थलों का पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई और संबंधित लोगों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी ने पटाखा भंडारण स्थलों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पटाखों के सुरक्षित भंडारण और आग से बचाव के लिए निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री करना कानूनन अपराध है। विस्फोटक अधिनियम और संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि पटाखों का अवैध भंडारण आग लगने और विस्फोट जैसी गंभीर घटनाओं का कारण बन सकता है। इससे जान-माल को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग सतर्कता बरत रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि पटाखों की खरीद-बिक्री और भंडारण नियमों के अनुसार ही करें। किसी भी स्थान पर अवैध भंडारण या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस अथवा प्रशासन को सूचित करें।