संवाददाता@विजय अग्रहरी…..

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बर्दिया गांव में मंगलवार को छुट्टा सांड़ के हमले से एक वृद्ध महिला घायल हो गई। हादसे में महिला के पैर और कमर में चोटें आईं। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुकवरिया (70) पत्नी स्वर्गीय सोमारु निवासी ग्राम बर्दिया कोलडीहवा बस्ती में मंगलवार अपराह्न मौजूद थीं। इसी दौरान एक छुट्टा सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वृद्ध महिला घायल होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से शाम करीब साढ़े चार बजे उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के हमले से लोगों में भय बना हुआ है।