संवाददाता@विजय अग्रहरी……

कोल समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने, वनाधिकार कानून लागू करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अधिकार सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मंगलवार को घोरावल तहसील में रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान समिति की बैठक हुई। इसमें ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर मुख्य वक्ता रहे।
बैठक में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को पत्रक भेजने और घोरावल में सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सूरज कोल को रोजगार अधिकार अभियान का तहसील संयोजक बनाया गया। साथ ही संगठन की नौ सदस्यीय तहसील कमेटी का चयन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कोल समुदाय को उसकी आदिवासी पहचान और अधिकार नहीं मिल रहे हैं। उभ्भा नरसंहार के बाद वनाधिकार कानून लागू करने की घोषणा के बावजूद पात्र लोगों को पट्टे नहीं मिले हैं। जनगणना में आदिवासी धर्म कोड देने की मांग भी उठाई गई।बैठक में इंद्रदेव खरवार, सदानंद कोल, लक्ष्मण कोल, कैलाश चौहान, संतलाल बैगा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन श्रीकांत सिंह ने किया।