संवाददाता@रामबली मिश्रा……
— बेड़ियां हनुमान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया खीर का प्रसाद

बीजपुर पुनर्वास प्रथम स्थित बेड़ियां हनुमान मंदिर प्रांगण में रविवार की रात शरद पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
बेड़ियां हनुमान मंदिर के महंत मदन गोपाल दास जी महाराज ने शरद पूर्णिमा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मान्यता के अनुसार इस रात जागरण कर भगवान की पूजा-अर्चना करने और अमृतमयी खीर का प्रसाद ग्रहण करने से भक्तों को सुख-समृद्धि तथा आरोग्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

उन्होंने बताया कि शरद पूर्णिमा की रात दूध और चावल से बनी खीर को खुले आसमान के नीचे रखने की परंपरा है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि चंद्रमा की किरणों से खीर में अमृतमय गुण समाहित होते हैं, जिसे अगले दिन प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन में गोपियों के साथ महारास रचाया था। यह भी मान्यता है कि इस रात मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और जागरण कर पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों पर अपनी विशेष कृपा बरसाती हैं।

आयोजन को सफल बनाने में संदीप उपाध्याय, कन्हैया यादव, रामकृत गुप्ता, प्रकाश चंद अग्रहरि, रंजियावन गुप्ता, दीपक कुमार सहित दर्जनों श्रद्धालु जुटे रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।