संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

म्योरपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए म्योरपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी हंसराज कुशवाहा (31) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार, 25 अक्टूबर को किरबिल गांव स्थित स्वास्तिक ट्रेडर्स पुलिया के पास से आरोपी को पकड़ा। कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पिकअप से बरामद हुआ था 77 पैकेट गांजा: पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर को म्योरपुर क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से गांजे के 77 पैकेट बरामद किए गए थे। बरामद गांजे का कुल वजन 82 किलो 800 ग्राम था। जांच के दौरान इस मामले में संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई।

चार आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट में केस: पुलिस के अनुसार, मामले में कथित गिरोह के सरगना शुभम उर्फ श्याम ठाकुर, राजकुमार कुशवाहा और सरिता देवी समेत चार आरोपियों के खिलाफ 22 अक्टूबर को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य आर्थिक लाभ के लिए संगठित होकर गांजा तस्करी करते थे।

किरबिल गांव के पास से हुई गिरफ्तारी : म्योरपुर पुलिस ने हंसराज कुशवाहा को स्वास्तिक ट्रेडर्स पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी का पता हरिगवां, बलरामपुर और पंडित पारा सरना, छत्तीसगढ़ बताया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल: कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी जितेंद्र सरोज, उपनिरीक्षक परमानंद त्रिपाठी, कांस्टेबल रामजीत बिंद, सनोज कुमार और धीरज कुमार सिंह शामिल रहे।